जापान में वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन की होगी खास मेहमाननवाजी, बिहार-झारखंड की कम्युनिटी खिलाएगी लिट्टी-चोखा

खेल

नागोया (Action Bharat) | भारत और जापान के बीच मंगलवार को होने वाले ऐतिहासिक टी20 इंटरनेशनल मुकाबले से पहले जापान में बसे भारतीयों के बीच खास उत्साह है। बिहार और झारखंड से जुड़े लोगों ने भारतीय क्रिकेटरों वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन के लिए घर जैसा स्वागत तैयार किया है।

लिट्टी-चोखा से होगा स्वागत

जापान में रहने वाले बिहार मूल के अभिषेक आनंद ने बताया कि वहां बिहार और झारखंड की बड़ी कम्युनिटी मौजूद है। उन्होंने कहा कि वैभव और ईशान को घर की कमी महसूस न हो, इसके लिए कम्युनिटी एसोसिएशन के लोग उनके लिए घर पर बनी लिट्टी-चोखा तैयार करने को तैयार हैं।

IIT कानपुर से जापान तक का सफर

28 वर्षीय अभिषेक आनंद बिहार के मूल निवासी हैं। उन्होंने IIT कानपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की और इसके बाद जापान में आईटी सेक्टर में काम करने लगे।

वह जापान की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम का हिस्सा भी रहे हैं, हालांकि भारत के खिलाफ इस विशेष मुकाबले के लिए उन्हें जापान की टीम में नहीं चुना गया है।

टेनिस बॉल से शुरू हुआ क्रिकेट का सफर

अभिषेक ने बिहार में टेनिस बॉल क्रिकेट खेलना शुरू किया था। IIT कानपुर पहुंचने के बाद उन्होंने लेदर बॉल क्रिकेट खेलना शुरू किया। जापान आने के बाद 2021 में उनके क्रिकेट करियर को नया अवसर मिला।

उन्होंने स्थानीय क्लब से शुरुआत की और बाद में जापान की राष्ट्रीय टीम तक पहुंचे। पिछले साल मई में उन्होंने कुक आइलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया। अब तक 18 टी20 इंटरनेशनल मैचों में उनके नाम 275 रन हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 55 रन है।

पिच को लेकर भी अभिषेक ने दी जानकारी

अभिषेक आनंद के मुताबिक सानो क्लब की पिच धीमी है और वहां स्पिन गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। वहीं नागोया में तैयार की गई पिच पर बेहतर उछाल मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रही 400-500 रन के स्कोर वाली चर्चाओं को लेकर कहा कि स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए ऐसा अनुमान सही नहीं है।

भारतीय फैंस में मुकाबले को लेकर उत्साह

जापान में रह रहे भारतीयों के बीच टीम इंडिया के मैचों को लेकर खास उत्साह है। अभिषेक ने बताया कि भारतीय फैंस सभी मुकाबलों को देखने के लिए उत्सुक हैं और भारत-पाकिस्तान मुकाबले की भी काफी चर्चा है।

Action Bharat | Sports Desk

#VaibhavSuryavanshi #IshanKishan #TeamIndia #IndiaVsJapan #Cricket #JapanCricket #Bihar #Jharkhand #LittiChokha #IndianCricket #T20Cricket #ActionBharat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *