नई दिल्ली (Action Bharat) | भारतीय क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 के गोल्ड मेडल मुकाबले में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 211 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 6 विकेट खोकर 192 रन ही बना सकी। इस जीत में अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा की आक्रामक पारियों के साथ भारतीय गेंदबाजों का योगदान अहम रहा।
अभिषेक और तिलक ने संभाली भारतीय पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को वैभव सूर्यवंशी से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह 9 गेंदों पर 15 रन बनाकर सैम अय्यूब की गेंद पर आउट हो गए। संजू सैमसन भी केवल 2 रन बना सके।
इसके बाद अभिषेक शर्मा ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों पर 61 रन बनाए। उनकी पारी में तीन चौके और सात छक्के शामिल रहे। अराफात मिन्हास ने 93 रन के कुल स्कोर पर अभिषेक को आउट किया।
ईशान किशन ने 20 और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 21 रन बनाए। शिवम दुबे ने 15 गेंदों पर 27 रन जोड़े। अंतिम ओवरों में तिलक वर्मा ने तेजी से रन बनाते हुए भारत का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। तिलक ने 22 गेंदों पर नाबाद 51 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और चार छक्के शामिल थे।
हसन नवाज ने पाकिस्तान के लिए बनाए 96 रन
212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने पावरप्ले के भीतर ही दो विकेट गंवा दिए। कप्तान साहिबजादा फरहान 10 रन बनाकर आउट हुए, जबकि उस्मान खान केवल 3 रन बना सके। अक्षर पटेल ने माज सदाकत को 23 रन पर पवेलियन भेजा। पाकिस्तान का स्कोर 39 रन पर तीन विकेट हो गया था।
इसके बाद सैम अय्यूब और हसन नवाज ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच 69 रन की साझेदारी हुई। शिवम दुबे ने अय्यूब को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।
हसन नवाज ने एक छोर संभाले रखा और 51 गेंदों पर 96 रन बनाए। उनकी पारी में पांच चौके और सात छक्के शामिल रहे। वह मैच की आखिरी गेंद पर आउट हुए, लेकिन अपनी टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।
पाकिस्तान को सिल्वर, श्रीलंका को ब्रॉन्ज
भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान को निर्धारित 20 ओवर में 192 रन तक सीमित रखा। भारत ने मुकाबला 19 रन से जीतकर गोल्ड मेडल हासिल किया। पाकिस्तान को रजत और श्रीलंका को कांस्य पदक मिला।
इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा की तेजतर्रार बल्लेबाजी ने भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया, जबकि गेंदबाजों ने लक्ष्य का बचाव करते हुए टीम की जीत सुनिश्चित की।
#INDvsPAK #AsianGames2026 #TeamIndia #GoldMedal #AbhishekSharma #TilakVarma #CricketNews #ActionBharat
