नई दिल्ली (Action Bharat) | दिल्ली की ऐतिहासिक लवकुश रामलीला इस बार पारंपरिक मंचन के साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए भी युवाओं तक पहुंचने की तैयारी में है। रामलीला कमेटी ने 100 से अधिक सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स को जोड़कर एक करोड़ से ज्यादा Gen-Z युवाओं और महिलाओं तक भगवान श्रीराम का संदेश पहुंचाने की योजना बनाई है।
इस अभियान में फैशन डिजाइनर, मेकअप आर्टिस्ट, फूड ब्लॉगर और यूट्यूबर समेत अलग-अलग क्षेत्रों के इंफ्लूएंसर्स शामिल होंगे। इनके इंस्टाग्राम, यूट्यूब और फेसबुक पर करीब 1 लाख से 10 लाख तक फॉलोअर्स हैं।
खास बात यह है कि ये इंफ्लूएंसर्स बिना किसी शुल्क के रामलीला के प्रमुख प्रसंगों की रील्स, शॉर्ट वीडियो और लाइव स्ट्रीमिंग अपने सोशल मीडिया पेजों पर साझा करेंगे। अभियान में प्रियंका सक्सेना, निकिता आर्या, श्वेता राजपाल, पूजा दुआ, आशी बजाज, निधि नंदराजोग, अंजलि मठारु, प्रियंका सोबती और गुलफ्शा कुरेशी समेत कई इंफ्लूएंसर्स शामिल हैं।
लवकुश रामलीला का मंचन 11 से 21 अक्टूबर तक दिल्ली में किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि डिजिटल माध्यम के जरिए रामलीला को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का उद्देश्य सिर्फ प्रचार नहीं, बल्कि युवाओं को भगवान श्रीराम के चरित्र, मर्यादा और सनातन संस्कृति के मूल्यों से जोड़ना भी है।
रामलीला समितियों का मानना है कि सोशल मीडिया आज युवाओं तक पहुंचने का सबसे प्रभावी माध्यम है। इसलिए पारंपरिक धार्मिक आयोजन को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़कर नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इस बार रामलीला का मंच सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सोशल मीडिया के जरिए देश-दुनिया के करोड़ों स्क्रीन तक पहुंचने की तैयारी है।
#ActionBharat #LavKushRamlila #Ramlila #LordRam #Ram #GenZ #DelhiNews #NewDelhi #SanatanCulture #SocialMedia
