‘आखिर कब तक?’ सत्य निकेतन हादसे के बाद DU में ABVP का सेफ्टी मार्च, PG के सुरक्षा ऑडिट की मांग

दिल्ली

नई दिल्ली (Action Bharat) | सत्य निकेतन में पीजी भवन हादसे के बाद छात्रों की सुरक्षा को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में स्टूडेंट सेफ्टी मार्च निकाला। मंगलवार को आयोजित इस मार्च में डीयू के विभिन्न कॉलेजों के छात्रों ने हिस्सा लिया और “आखिर कब तक?” जैसे नारे लगाते हुए सुरक्षित आवास की मांग उठाई।

मार्च रग्बी ग्राउंड से शुरू होकर आर्ट्स फैकल्टी तक पहुंचा। ABVP ने दिल्ली विश्वविद्यालय और छात्र बहुल इलाकों में संचालित सभी पीजी आवासों का तत्काल सुरक्षा एवं संरचनात्मक ऑडिट कराने की मांग की।

• सभी PG का तत्काल सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग

ABVP ने मांग की कि दिल्ली विश्वविद्यालय के आसपास और अन्य छात्र बहुल इलाकों में चल रहे सभी पीजी की सुरक्षा की व्यापक जांच कराई जाए।

संगठन का कहना है कि जांच के दौरान भवन की संरचनात्मक मजबूती, फायर सेफ्टी और अन्य जरूरी सुरक्षा मानकों को देखा जाना चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वाले पीजी संचालकों और भवन मालिकों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

• छात्रों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग

ABVP ने कहा कि बड़ी संख्या में छात्र पढ़ाई के लिए दिल्ली आते हैं, लेकिन पर्याप्त हॉस्टल उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें निजी पीजी और किराये के भवनों में रहने के लिए मजबूर होना पड़ता है।

संगठन ने दिल्ली विश्वविद्यालय में नए छात्रावास बनाने और मौजूदा हॉस्टलों की क्षमता बढ़ाने की मांग की है, ताकि छात्रों को असुरक्षित या मानकों का पालन नहीं करने वाले आवासों पर निर्भर न रहना पड़े।

• MCD आयुक्त के इस्तीफे की मांग

ABVP ने सत्य निकेतन हादसे को कथित प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताते हुए जिम्मेदारी तय करने की मांग की। संगठन ने इस मामले में MCD आयुक्त के इस्तीफे की भी मांग उठाई।

ABVP के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि छात्र अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए दिल्ली आते हैं और उन्हें सुरक्षित आवास के अभाव में अपनी जान जोखिम में नहीं डालनी चाहिए।

उनका कहना था कि अब केवल आश्वासन देने के बजाय जवाबदेही तय करने की जरूरत है।

• ‘सत्य निकेतन हादसा बदलाव का आधार बने’

ABVP दिल्ली के प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि सत्य निकेतन की घटना को व्यवस्था में स्थायी बदलाव का आधार बनाया जाना चाहिए।

उन्होंने प्रत्येक पीजी का ऑडिट कराने और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

• डीयू छात्रसंघ ने भी उठाया सुरक्षित हॉस्टल का मुद्दा

डीयू छात्रसंघ अध्यक्ष आर्यन मान ने कहा कि छात्रों के लिए सुरक्षित आवास और पर्याप्त हॉस्टल लंबे समय से मांग का विषय रहे हैं।

उनके मुताबिक, छात्रों को सुरक्षित और व्यवस्थित आवास उपलब्ध कराना केवल किसी हादसे के बाद उठाया जाने वाला मुद्दा नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे विश्वविद्यालय व्यवस्था का स्थायी हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

• ‘आश्वासन नहीं, स्थायी सुरक्षा व्यवस्था चाहिए’

सत्य निकेतन हादसे के बाद छात्रों की सुरक्षा को लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र संगठनों की सक्रियता बढ़ गई है। ABVP के इस मार्च में उठाई गई मांगों का केंद्र यही रहा कि छात्रों की सुरक्षा हादसे के बाद दिए जाने वाले आश्वासन तक सीमित न रहे।

संगठन ने मांग की है कि पीजी और हॉस्टलों की नियमित जांच, सुरक्षा मानकों का पालन और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए स्थायी व्यवस्था बनाई जाए।

#ActionBharat #DelhiNews #DU #DelhiUniversity #ABVP #StudentSafety #SatyaNiketan #PGSafety #PGAudit #HostelSafety #MCD #DelhiGovernment #StudentProtest #SafetyMarch #DelhiNewsUpdate

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *