Action Bharat | बाहरी दिल्ली: दिल्ली के बाहरी इलाके स्वरूप नगर की खड्डा कॉलोनी की गली नंबर-2 में रविवार सुबह एक गोदाम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की इमारत में मौजूद लोगों ने जान बचाने के लिए छत से छलांग लगा दी। इस घटना में छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
• ग्राउंड और पहली मंजिल आग की चपेट में
आग गोदाम की बिल्डिंग के ग्राउंड और पहली मंजिल तक पहुंच गई। आग और धुएं को देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। इसी दौरान पास की इमारत में मौजूद कुछ लोगों ने घबराकर नीचे छलांग लगा दी, जिससे छह लोग घायल हो गए।
• 15 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
दमकल विभाग को आग की सूचना रविवार सुबह करीब 11:05 बजे मिली। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग बढ़ने के बाद अतिरिक्त वाहन भी बुलाए गए और करीब 11:30 बजे तक कुल 15 दमकल वाहन आग बुझाने में जुट गए।
• करीब 1:50 बजे आग पर पाया गया काबू
दमकलकर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद करीब 1:50 बजे आग को नियंत्रण में कर लिया गया। इसके बाद दो दमकल गाड़ियों को मौके पर छोड़कर बाकी यूनिटों को वापस भेज दिया गया।
• जूडो ड्रेस और बॉक्सिंग ग्लव्स बनाने का काम
पुलिस के अनुसार, आग खसरा नंबर 357/58 स्थित उस परिसर में लगी, जहां जूडो ड्रेस और बॉक्सिंग ग्लव्स बनाने का काम होता है।
• कपास की वेबिंग और रेक्सिन की कतरन के गोदाम में लगी आग
दमकल विभाग के मुताबिक, आग रेक्सिन की कतरन और कपास की वेबिंग के गोदाम में लगी थी। इमारत में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर, पहली मंजिल और दूसरी मंजिल पर टिन शेड बना हुआ था।
• छह घायलों की पहचान
घायलों की पहचान प्रियंका (28), उनकी बेटियां वंशिका (8) और वानी (5), संतोष (33), उनकी बेटी तन्वी (8) और विजय के रूप में हुई है। पांच घायलों को बाबू जगजीवन राम अस्पताल और एक घायल को सरकारी अस्पताल बुराड़ी ले जाया गया।
• आग में सीधे नहीं झुलसा कोई व्यक्ति
पुलिस के अनुसार, आग में कोई व्यक्ति सीधे नहीं झुलसा। लोग आग से बचने के लिए घबराहट में इमारत से कूदे, जिसके कारण उन्हें चोटें आईं। फिलहाल सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
फिलहाल दमकल विभाग और पुलिस की ओर से आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
