बेटे और 3 साल के पोते के जनाजे में पहुंचे दादा की भी मौत, बड़गाम में चार दिन में परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

क्राइम

श्रीनगर | (Action Bharat) जम्मू-कश्मीर के बड़गाम में एक परिवार पर लगातार हुई मौतों ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। सड़क हादसे में बेटे और तीन साल के पोते को खोने के चार दिन बाद, उनके जनाजे में शामिल होने पहुंचे दादा की भी मौत हो गई।

मंगलवार को परिवार अंतिम संस्कार के लिए कब्रिस्तान पहुंचा था। इसी दौरान बुजुर्ग अचानक गिर पड़े। परिजन और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कब्रिस्तान में अचानक गिर पड़े बुजुर्ग

मृतक की पहचान 62 वर्षीय गुलाम हसन मीर के रूप में हुई है। वह घूम अहमदपोरा, मगम के रहने वाले बताए गए हैं।

परिजनों और पड़ोसियों के अनुसार, बेटे और पोते की मौत के बाद परिवार अंतिम संस्कार के लिए कब्रिस्तान पहुंचा था। इसी दौरान गुलाम हसन मीर की तबीयत बिगड़ी और वह वहीं गिर पड़े।

उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

चार दिन पहले सड़क हादसे में बेटे और पोते की मौत

गौरतलब है कि 12 सितंबर को बड़गाम के सोइबुग इलाके में सड़क हादसा हुआ था। इस हादसे में गुलाम हसन मीर के 29 वर्षीय बेटे नसीर अहमद मीर और उनके तीन वर्षीय पोते हादी अली की मौत हो गई थी।

हादसे में नसीर अहमद की 26 वर्षीय पत्नी दिलशादा अख्तर भी गंभीर रूप से घायल हुई थीं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

एक के बाद एक मौत से परिवार में मातम

पहले सड़क हादसे में बेटे और मासूम पोते की मौत और फिर चार दिन बाद बुजुर्ग दादा की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है। रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना जताई है।

Action Bharat | जम्मू-कश्मीर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *