मॉस्को (Action Bharat) | रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शांति प्रयासों की सराहना की है। पुतिन के मुताबिक, पीएम मोदी इस संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान निकालने के लिए लगातार प्रयास करते रहे हैं और उनके पास इस दिशा में अच्छे विचार हैं।
एक जनसभा को संबोधित करते हुए पुतिन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी उन नेताओं में शामिल हैं, जो रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष को जल्द समाप्त करने की बात लगातार उठाते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी ऐसा समाधान चाहते हैं, जिसे दोनों पक्ष स्वीकार कर सकें।
मोदी के रुख को बताया निष्पक्ष
पुतिन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी दोनों देशों के साथ अपने मित्रतापूर्ण संबंधों के बावजूद यूक्रेन विवाद पर निष्पक्ष रुख अपनाते हैं। उन्होंने बातचीत के जरिए शांति बहाली की कोशिशों के लिए मोदी का आभार जताया।
प्रधानमंत्री मोदी कई मौकों पर कह चुके हैं कि रूस-यूक्रेन संघर्ष का समाधान संवाद और कूटनीति के जरिए निकाला जाना चाहिए। हाल ही में जापानी मीडिया संस्थान को दिए एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा था कि भारत दोनों पक्षों के साथ अपने संबंधों का उपयोग स्थायी शांति की दिशा में करने के लिए तैयार है।
BRICS शिखर सम्मेलन में भी हुई थी मुलाकात
रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों नेताओं की हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान मुलाकात हुई थी। इस बैठक में आर्थिक सहयोग कार्यक्रम 2030 के साथ व्यापार, बुनियादी ढांचे, ऊर्जा, रक्षा, तकनीक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई थी।
पुतिन ने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियां संवेदनशील हैं और पश्चिमी देशों को ऐसे कदमों से बचना चाहिए, जिनसे अंतरराष्ट्रीय तनाव और बढ़े।
#PMModi #VladimirPutin #RussiaUkraineWar #IndiaRussiaRelations #PeaceTalks #BRICS #InternationalNews #ActionBharat
