नई दिल्ली (Action Bharat) | भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के 23 राज्यों में अगले 15 घंटों के दौरान बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है, जबकि पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत है।
मौसम विभाग के अनुसार असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर के कई इलाकों में बिजली कड़कने और गरज-चमक की भी संभावना है।
दक्षिण भारत में आंधी और तेज हवाओं का अनुमान
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं आंध्र प्रदेश, केरल, माहे और लक्षद्वीप में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से झोंकेदार हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है।
केरल और माहे में 2 से 6 अक्टूबर तक बारिश जारी रहने की संभावना है। तटीय कर्नाटक में भी 3 से 6 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है। 4 से 6 अक्टूबर तक केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
दिल्ली में आज मौसम रहेगा साफ
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 3 अक्टूबर को बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि 6 अक्टूबर से इन क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
उत्तराखंड में 5 अक्टूबर से बारिश शुरू होने और 7 अक्टूबर को अच्छी बारिश होने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में भी 5 से 8 अक्टूबर तक बारिश की संभावना जताई गई है।
कई राज्यों से मानसून की वापसी
IMD के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी जारी है। अगले 24 घंटों में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के शेष हिस्सों से मानसून की और वापसी हो सकती है।
#ActionBharat #WeatherAlert #IMD #RainAlert #DelhiWeather #HeavyRain #Monsoon #ArunachalPradesh
