अस्पताल में कैप्टन स्मित मच्छर से मिले दुबई के क्राउन प्रिंस, गले लगाकर जताया आभार

विदेश

दुबई (Action Bharat) | दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर से अस्पताल में मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उन्होंने पायलट को गले लगाया और उनकी बहादुरी व जिम्मेदारी की सराहना की। कैप्टन स्मित का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, उड़ान के दौरान कॉकपिट में हुए हमले के बावजूद कैप्टन स्मित ने यात्रियों और क्रू की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस घटना के बाद उनकी सराहना की जा रही है।

क्राउन प्रिंस ने एक्स पर जताया आभार

मुलाकात के बाद क्राउन प्रिंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उनकी और देश के नेतृत्व की ओर से कैप्टन स्मित को पूरी सराहना मिलती है। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि स्मित उनकी टीम और देश की कहानी का हिस्सा हैं। अपने संदेश में उन्होंने यूएई को दया, शांति और जीवन का देश बताया।

क्राउन प्रिंस की ओर से साझा की गई तस्वीरों में उन्हें कैप्टन स्मित से बातचीत करते और उन्हें गले लगाते देखा गया।

कॉकपिट में हमले के बाद भी निभाई जिम्मेदारी

रिपोर्ट के मुताबिक, उड़ान के दौरान कैप्टन स्मित पर उनके को-पायलट ने कुल्हाड़ी से हमला किया था। इस दौरान विमान के नियंत्रण को लेकर स्थिति गंभीर हो गई। घायल होने के बावजूद स्मित ने कॉकपिट का दरवाजा खोला और क्रू तथा यात्रियों को हमले के बारे में सतर्क किया।

इसके बाद विमान में मौजूद अन्य लोगों ने हमलावर को काबू में किया। वहीं, ड्यूटी पर नहीं रहे अन्य पायलटों ने विमान को सुरक्षित लैंड कराया। रिपोर्ट में बताया गया है कि इस घटना में 172 यात्रियों और क्रू सदस्यों की जान बची। कैप्टन स्मित का इलाज जारी है और वे रिकवरी कर रहे हैं।

#CaptainSmitMachchhar #Dubai #CrownPrince #FlyDubai #UAE #IndianPilot #ActionBharat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *