नई दिल्ली (Action Bharat) | दक्षिणी पूर्वी दिल्ली में घरेलू विवाद के बाद दो महिलाएं संकट में फंस गईं। एक महिला बालकनी से सड़क की ओर कूद गई, जबकि दूसरी ने घर के शाफ्ट में छलांग लगा दी। दिल्ली पुलिस और फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई से दोनों की जान बचा ली गई। शाफ्ट में फंसी महिला दो महीने की गर्भवती बताई गई है।
पांच मिनट में मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर को कालिंदी कुंज थाने में पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना दी गई कि एक महिला ने खुद को कमरे में बंद कर लिया है। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना होकर फायर सर्विस और मेडिकल टीम को भी बुलाया।
पुलिस टीम करीब पांच मिनट में जैतपुर एक्सटेंशन पार्ट-दो की खड्डा कॉलोनी स्थित डी-ब्लॉक पहुंची। उस समय तक एक महिला बालकनी से सड़क की ओर कूद चुकी थी।
शाफ्ट में फंसी गर्भवती महिला का रेस्क्यू
फायर सर्विस की टीम ने कमरे का दरवाजा खोला तो पता चला कि दूसरी महिला शाफ्ट में कूद गई है। वह मुश्किल जगह पर फंसी हुई थी और उसकी जान को खतरा था। पुलिस और फायर सर्विस के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया और महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।
रिपोर्ट के मुताबिक, शाफ्ट में कूदी 24 वर्षीय महिला दो महीने की गर्भवती थी। उसे उपचार के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
वीडियो को लेकर हुआ था विवाद
शुरुआती जांच में सामने आया कि भाभी द्वारा ननद का वीडियो बनाकर किसी को भेजे जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। बहस के दौरान ननद बालकनी से नीचे कूद गई और घायल हो गई। इसके बाद भाभी ने खुद को कमरे में बंद किया और फिर शाफ्ट में छलांग लगा दी।
दक्षिणी पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार के अनुसार, एसओ राकेश सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने दिल्ली फायर सर्विस के साथ मिलकर बचाव अभियान चलाया। पुलिस, पीसीआर और फायर सर्विस के बीच बेहतर तालमेल से दोनों महिलाओं को सुरक्षित बचाया जा सका।
#DelhiPolice #DelhiFireService #Jaitpur #SouthEastDelhi #RescueOperation #DelhiNews #ActionBharat
