चंडीगढ़ (Action Bharat) | नशा मुक्त अभियान के तहत चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने सेक्टर 32-डी स्थित पम्मी मेडिकोज पर छापा मारकर करीब 87 हजार रुपये की दवाएं जब्त की हैं। विभाग ने दुकान संचालक को नोटिस जारी कर दवाओं की खरीद-बिक्री और भंडारण से जुड़े रिकॉर्ड के संबंध में जवाब मांगा है।
यह कार्रवाई स्वास्थ्य सचिव मंदीप सिंह बराड़ के मार्गदर्शन और स्वास्थ्य सेवाएं निदेशक डॉ. सुमन सिंह के निर्देश पर की गई। विभाग को हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत मिली थी, जिसके बाद औषधि निरीक्षक अमित लखनपाल ने थाना सेक्टर-34 पुलिस टीम के साथ मेडिकल शॉप पर छापा मारा।
जांच के दौरान टीम को दवाओं की खरीद और बिक्री का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराया गया। इसके अलावा जीवनरक्षक दवाओं के भंडारण से जुड़े नियमों का भी पालन नहीं किया जा रहा था।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान नौ प्रकार की दवाएं जब्त कीं। इनमें टेपेंटाडोल, जोलपिडेम और अल्प्राज़ोलम युक्त कुल 100 गोलियां, गर्भावस्था के चिकित्सकीय समापन की दो एमटीपी किट और कमरे के तापमान पर रखी गई इंसुलिन की 40 प्री-फिल्ड सिरिंज शामिल हैं। विभाग के अनुसार इंसुलिन को निर्धारित तापमान पर फ्रिज में रखना आवश्यक होता है।
विभाग ने जब्त की गई दवाओं के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, नशीले पदार्थों के रूप में दुरुपयोग होने वाली दवाओं की बिक्री और जीवनरक्षक दवाओं के गलत भंडारण को लेकर स्वास्थ्य विभाग सख्त है। मामले में दुकान संचालक से जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#Chandigarh #ActionBharat #HealthDepartment #DrugRaid #ChemistShop #DrugsSeized #NashaMuktAbhiyan #MedicalStore
