नई दिल्ली | (एक्शन भारत) दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने सोना तस्करी के एक अनोखे तरीके का खुलासा किया है। सिंगापुर से दिल्ली पहुंचे एक यात्री को उस समय पकड़ा गया जब वह मुट्ठी में 100 ग्राम सोना छिपाकर ग्रीन चैनल पार करने की कोशिश कर रहा था।
कस्टम विभाग के अनुसार, 12 अगस्त की रात इंडिगो की उड़ान 6E-1014 से आए दिल्ली निवासी यात्री की एपीआईएस (Advance Passenger Information System) प्रोफाइलिंग के आधार पर निगरानी की जा रही थी।
यात्री के बैग की स्कैनिंग में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। हालांकि अधिकारियों ने देखा कि उसने अपना एक हाथ असामान्य तरीके से कसकर बंद कर रखा था। इसी हरकत ने अधिकारियों का संदेह बढ़ा दिया।
पूछताछ के दौरान जब यात्री को मुट्ठी खोलने के लिए कहा गया तो उसमें छिपाकर रखा गया करीब 100 ग्राम सोना बरामद हुआ।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यात्री ने सोने को जानबूझकर सामान में रखने के बजाय हाथ में छिपाया, ताकि वह बैगेज स्कैनर की जांच से बच सके और बिना रोक-टोक ग्रीन चैनल पार कर सके।
कस्टम विभाग ने सोना जब्त कर लिया है और यात्री से पूछताछ जारी है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या वह किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है या यह व्यक्तिगत स्तर पर की गई तस्करी थी।
दिल्ली कस्टम की एयर इंटेलिजेंस यूनिट मामले की आगे की जांच कर रही है।
