नई दिल्ली (Action Bharat) | मध्य दिल्ली के किशनगंज इलाके में छह वर्षीय बच्ची के साथ यौन शोषण का आरोप सामने आया है। पुलिस के अनुसार, डीबीजी रोड थाना क्षेत्र में घर के बाहर खेल रही बच्ची को बहला-फुसलाकर एक कमरे में ले जाने और वहां उसके साथ यौन शोषण करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपित युवक को हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार कर लिया है और POCSO एक्ट समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
घर के बाहर खेल रही थी बच्ची
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 6:30 बजे बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में किराए के मकान में रहने वाला आरोपित उसके पास पहुंचा।
आरोप है कि युवक बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने कमरे में ले गया, जहां उसके साथ यौन शोषण किया गया। इसके बाद बच्ची कमरे से बाहर आई और अपने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
परिजनों ने आरोपी के कमरे पर पहुंचकर पकड़ा
बच्ची से मिली जानकारी के बाद उसके परिजन आक्रोशित हो गए और आरोपित के कमरे पर पहुंचे। वहां उन्होंने आरोपित के साथ मारपीट शुरू कर दी और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डीबीजी रोड थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में लेकर थाने ले गई। प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
बच्ची की मेडिकल जांच, बयान की प्रक्रिया शुरू
पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया है। साथ ही उसके बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
मामले में पुलिस ने POCSO एक्ट और BNS की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
क्राइम टीम और FSL ने जुटाए साक्ष्य
घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए क्राइम टीम और फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा सके।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
