बाहरी दिल्ली (Action Bharat) | दिल्ली के बुध विहार इलाके में डिलीवरी ब्वॉय से लूटपाट के मामले में पुलिस ने दो बहनों को 15 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने डिलीवरी ब्वॉय की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर पार्सल लूटे और मौके से फरार हो गईं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवतियों की उम्र 26 और 20 साल है और दोनों करोलबाग की रहने वाली बहनें हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए तीन पार्सल, वारदात में इस्तेमाल स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद किया है।
ग्राहक बनकर पहुंची युवती
पुलिस के अनुसार, घटना 25 सितंबर की शाम करीब 7:20 बजे सेक्टर-5, रोहिणी स्थित हनुमान मंदिर के पास हुई।
डिलीवरी ब्वॉय पार्सल लेकर पहुंचा था। इसी दौरान एक युवती ग्राहक बनकर उसके पास आई और डिलीवरी बैग से पार्सल निकालने की कोशिश करने लगी।
जब डिलीवरी ब्वॉय ने विरोध किया तो आरोप है कि युवती ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया।
दूसरी बहन ने स्कूटी से मारी टक्कर
इसी दौरान दूसरी युवती स्कूटी लेकर मौके पर पहुंची और कथित तौर पर डिलीवरी ब्वॉय को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गया और उसके पैर में चोट आई।
इसके बाद दोनों युवतियां कई पार्सल लेकर स्कूटी से फरार हो गईं।
15 घंटे में पुलिस ने पकड़ा
घटना की शिकायत के बाद बुध विहार थाने में FIR संख्या 330/2026 दर्ज की गई। मामले की जांच के लिए SHO इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार के नेतृत्व और ACP प्रशांत विहार आरपी मीणा की निगरानी में टीम गठित की गई।
पुलिस ने तकनीकी निगरानी और मानवीय सूचना के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान की और करीब 15 घंटे के भीतर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। मामले में आगे की जांच जारी है।
