हिमाचल में शिक्षकों का क्रमिक अनशन 69वें दिन भी जारी, गांधी जयंती पर किया सत्याग्रह

राज्य

शिमला (Action Bharat) | हिमाचल प्रदेश में राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का क्रमिक अनशन शुक्रवार को 69वें दिन भी जारी रहा। गांधी जयंती के अवसर पर शिक्षकों ने शिमला में सत्याग्रह और एक दिवसीय उपवास कर अपनी मांगों के समाधान की अपील की। संघ ने कहा है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।

शुक्रवार सुबह शिक्षकों ने रिज मैदान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद वे चौड़ा मैदान स्थित अंबेडकर चौक पर दिनभर उपवास पर बैठे। शाम को शिक्षकों ने चौड़ा मैदान से सीटीओ तक कैंडल मार्च निकालकर सरकार से मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की।

राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश शर्मा के नेतृत्व में राज्य, जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी के पदाधिकारी सत्याग्रह में शामिल हुए। संघ के अनुसार, कार्यक्रम में प्रदेश पदाधिकारियों, जिला कार्यकारिणी, 143 खंडों के प्रतिनिधियों और महिला विंग सहित करीब 1,600 पदाधिकारियों ने भाग लिया।

काले बिल्ले लगाकर काम करेंगे शिक्षक और मिड डे मील वर्कर

संघ ने आंदोलन को आगे बढ़ाने की घोषणा करते हुए कहा कि शनिवार से प्रदेशभर के शिक्षक और मिड डे मील वर्कर काले बिल्ले लगाकर काम करेंगे। यह विरोध मांगों का समाधान होने तक जारी रखने की बात कही गई है।

शिक्षक संघ ने यह भी निर्णय लिया है कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले प्रदेश के सभी 68 विधायकों को मांगपत्र सौंपा जाएगा। शीतकालीन सत्र के दौरान धर्मशाला में विशाल धरना-प्रदर्शन करने की भी घोषणा की गई है।

11 जुलाई से शुरू हुआ आंदोलन

राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का आंदोलन 11 जुलाई 2026 को पैदल न्याय यात्रा के शिमला पहुंचने के बाद तेज हुआ था। इसके बाद 26 जुलाई को चौड़ा मैदान में धरना दिया गया और वहीं से क्रमिक अनशन शुरू किया गया।

प्रदेशाध्यक्ष रमेश शर्मा ने कहा कि शिक्षकों की मांगों पर समाधान होने तक संघर्ष एकजुटता, अनुशासन और गांधीवादी तरीके से जारी रहेगा। संघ ने सरकार से संवाद और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की है।

#HimachalPradesh #Shimla #TeachersProtest #TeachersStrike #GandhiJayanti #ActionBharat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *