तेल अवीव (Action Bharat) | हमास द्वारा अगवा किए जाने के बाद कैद में मारे गए इजरायली नागरिक अल्मोग सारुसी के माता-पिता ने एक बार फिर अपने घर में बच्चे का स्वागत किया है। करीब 25 साल पहले फ्रीज किए गए एग्स की मदद से जन्मे इस बच्चे का नाम दंपति ने ‘लावी’ रखा है। बेटे को खोने के गहरे दुख के बीच परिवार ने इस जन्म को ईश्वर का उपहार बताया है।
60 वर्ष की उम्र में माता-पिता ने किया बेटे का स्वागत
नीरा और यिगल सारुसी, दोनों की उम्र करीब 60 वर्ष है। उन्होंने सोमवार को इजराइल के रानाना में आयोजित खतना समारोह में अपने नवजात बेटे का नाम ‘लावी’ रखा। बच्चे का जन्म समारोह से लगभग एक सप्ताह पहले योम किप्पुर के दिन हुआ था।
अल्मोग सारुसी सहित दंपति के पहले से चार बच्चे थे। अल्मोग की मौत के बाद दंपति ने फ्रीज किए गए एग्स की मदद से परिवार को फिर से आगे बढ़ाने का फैसला किया।
सरोगेट की मदद से पूरा हुआ सपना
‘टाइम्स ऑफ इजराइल’ की रिपोर्ट के अनुसार, दंपति ने पुराने फ्रीज किए गए एग्स की तलाश की और कई प्रयासों के बाद एक सरोगेट की मदद से बच्चे के जन्म की प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने बच्चे के जन्म की जानकारी समारोह तक गुप्त रखी।
परिवार ने निमंत्रण में लिखा कि उनके साथ एक चमत्कार हुआ है। अल्मोग को खोने का दुख हमेशा उनके दिलों में रहेगा, लेकिन वे इस नए बच्चे के जन्म की खुशी भी मनाना चाहते हैं।
7 अक्टूबर के हमले में अगवा हुए थे अल्मोग
अल्मोग सारुसी को 7 अक्टूबर 2023 को एक म्यूजिक फेस्टिवल से हमास के हमले के दौरान अगवा कर लिया गया था। खबर के मुताबिक, वह अपनी घायल गर्लफ्रेंड की मदद के लिए पीछे रुक गए थे। उनकी गर्लफ्रेंड की भी हमले में मौत हो गई थी।
इजरायली रक्षा बलों (IDF) के अनुसार, अगस्त 2024 में गाजा की एक सुरंग में बंधक बनाए गए अल्मोग और पांच अन्य बंधकों की मौत हो गई थी। बाद में इजरायली सेना ने उनके शव बरामद किए।
छह बंधकों की हुई थी मौत
अल्मोग के साथ मारे गए अन्य बंधकों में हर्श गोल्डबर्ग-पोलिन, ईडन येरुशालमी, ओरी डैनिनो, एलेक्स लोबानोव और कार्मेल गैट शामिल थे।
अल्मोग को खोने का दर्द सारुसी परिवार के जीवन का हिस्सा बना हुआ है। ऐसे में ‘लावी’ का जन्म परिवार के लिए दुख के बीच उम्मीद और नई शुरुआत का प्रतीक बन गया है।
#Israel #AlmogSarusi #Hamas #IsraelHostages #Surrogacy #FrozenEggs #MiddleEast #ActionBharat
