नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट प्रेमियों को एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिल सकता है। मौजूदा चैंपियन भारत और पाकिस्तान की पुरुष व महिला क्रिकेट टीमों को सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिला है, जिससे दोनों टीमों के सेमीफाइनल या फाइनल में आमने-सामने आने की संभावना बढ़ गई है।
भारतीय महिला टीम अपने अभियान की शुरुआत मेजबान जापान के खिलाफ करेगी। यदि टीम जीत दर्ज करती है तो सेमीफाइनल में उसका सामना बांग्लादेश या चीन से हो सकता है। वहीं, महिला वर्ग के फाइनल में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत की संभावना जताई जा रही है।
पुरुष वर्ग में भारत की टीम क्वार्टर फाइनल से अपने अभियान का आगाज करेगी। सेमीफाइनल में भारत और पाकिस्तान के आमने-सामने आने की पूरी संभावना है। पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से शुरू होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 1 अक्टूबर को खेला जाएगा।
महिला क्रिकेट प्रतियोगिता 17 से 22 सितंबर तक आयोजित होगी। पुरुष वर्ग में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रारंभिक चरण में ग्रुप-ए में अफगानिस्तान, जापान और नेपाल, जबकि ग्रुप-बी में हांगकांग, चीन, मलेशिया और ओमान शामिल हैं।
एशियन गेम्स 2026 की क्रिकेट प्रतियोगिताएं जापान के आइची प्रांत स्थित कोरोजी एथलेटिक पार्क में टी-20 प्रारूप में खेली जाएंगी। भारतीय पुरुष टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर, जबकि महिला टीम की कमान हरमनप्रीत कौर संभालेंगी।
गौरतलब है कि एशियन गेम्स में क्रिकेट चौथी बार शामिल किया गया है। इससे पहले यह खेल 2010 (ग्वांगझू), 2014 (इंचियोन) और 2023 (हांगझोऊ) एशियन गेम्स का हिस्सा रह चुका है।
#AsianGames2026 #IndiaVsPakistan #Cricket #TeamIndia #IndianCricket #AsiaCup #T20Cricket #SportsNews #AsianGames #HarmanpreetKaur #ShreyasIyer #Japan #CricketUpdates #IndiaPakistan #NewsPortal
