नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स और आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए अर्श डल्ला सिंडिकेट से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, जांच की शुरुआत कनाडा भेजे जा रहे एक कूरियर पार्सल में छिपाई गई अफीम मिलने के बाद हुई। इसके बाद पंजाब, हरियाणा और राजस्थान तक फैले नेटवर्क की कड़ियां सामने आती गईं।
आरोपियों के कब्जे से कुल 5.138 किलो उच्च गुणवत्ता वाली अफीम बरामद की गई है, जिसकी कनाडा में कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस का दावा है कि ड्रग्स की तस्करी से मिलने वाले पैसों का एक हिस्सा अर्श डल्ला के नेटवर्क को मजबूत करने, जबकि दूसरा हिस्सा हथियारों की सप्लाई और आतंकी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जाना था।
आरोपी सामान्य खाने-पीने की चीजों के पैकेट में ड्रग्स छिपाकर कूरियर के जरिए विदेश भेजते थे और फर्जी KYC दस्तावेजों का इस्तेमाल करते थे।
पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मॉड्यूल से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
ड्रग्स, हथियार और आतंकी फंडिंग के इस नेटवर्क पर दिल्ली पुलिस की जांच अब और तेज हो गई है।
