सपा मुखिया अखिलेश यादव की बड़ी घोषणा, आउटसोर्स व्यवस्था खत्म कर पक्की नौकरी देने का वादा

राज्य

लखनऊ (Action Bharat) | समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान बड़ा चुनावी वादा किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आउटसोर्स व्यवस्था खत्म कर युवाओं को पक्की नौकरी दी जाएगी। अखिलेश यादव ने इस दौरान प्रदेश सरकार पर भी कई गंभीर आरोप लगाए और दावा किया कि चुनाव की तारीख घोषित होते ही भाजपा अपनी हार स्वीकार कर लेगी।

सरकार बनने पर आउटसोर्स व्यवस्था खत्म करने का वादा

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आउटसोर्स व्यवस्था को समाप्त किया जाएगा और युवाओं को पक्की नौकरी देने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को लेकर प्रदेश सरकार की घोषणा पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार जाने वाली है, इसलिए उसकी घोषणाओं से लोगों को कोई लाभ नहीं मिलने वाला।

चुनाव की तारीख घोषित होते ही भाजपा हार मान लेगी: अखिलेश

सपा प्रमुख ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में जैसे ही विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित होगी, भाजपा अपनी हार स्वीकार कर लेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रचार पर कितना भी खर्च कर ले, वह जीतने वाली नहीं है।

अखिलेश ने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र में इतनी खराब सरकार कभी नहीं आई। उनका आरोप था कि मौजूदा सरकार में लोगों के अधिकार छीने जा रहे हैं।

बुलंदशहर कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने पर उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने बताया कि बुलंदशहर में उनका कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन प्रशासन की ओर से हेलीपैड पर पानी भरने का हवाला देकर अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने पत्रकारों को हेलीपैड का वीडियो भी दिखाया और दावा किया कि वहां जलभराव नहीं था।

सपा प्रमुख ने सवाल उठाया कि सरकार उनके कार्यक्रमों से आखिर क्यों घबरा रही है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जोड़ते हुए प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।

‘एआई के जमाने में टीआई आए हैं’, भाजपा पर तंज

बिना नाम लिए भाजपा के उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि “एआई के जमाने में टीआई आए हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि मुंबई से कोई तिजोरी लेकर आया है और उसे भरने की कोशिश की जा रही है।

ईवीएम को लेकर भी अखिलेश यादव ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी बुनियादी रूप से ईवीएम के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ईवीएम से चुनाव जीतकर ही उसे हटाएगी।

आकाश आनंद के मुद्दे पर पीएम मोदी पर निशाना

बसपा से आकाश आनंद के निष्कासन और उनके कथित ‘अंकल’ वाले बयान को लेकर भी अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज किया। उन्होंने कहा कि ‘अंकल’ शब्द किसी भी रिश्ते के लिए इस्तेमाल हो सकता है—चाचा, ताऊ, मौसा या फूफा।

अखिलेश ने कहा कि आकाश आनंद को पार्टी से हटाना बसपा का आंतरिक फैसला है और दूसरे दलों के लोगों को इस पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।

‘आकाश आनंद को लेकर आएंगे तो शामिल कर लेंगे’

जब पत्रकारों ने आकाश आनंद को समाजवादी पार्टी में शामिल किए जाने को लेकर सवाल किया तो अखिलेश यादव ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अगर मीडिया कर्मी खुद आकाश आनंद को लेकर आएंगे तो समाजवादी पार्टी उन्हें शामिल कर लेगी।

झांसी की घटना का जिक्र कर सरकार पर हमला

अखिलेश यादव ने झांसी में कथित मजबूरी में पति द्वारा पत्नी का शव नदी में बहाए जाने की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने सरकार के विकास और निवेश संबंधी दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ जीडीपी और निवेश बढ़ने की बात की जाती है, लेकिन ऐसी घटनाएं उन दावों की वास्तविक स्थिति सामने लाती हैं।

उन्होंने सवाल किया कि क्या झांसी की घटना सरकार के जीडीपी और विकास के दावों की पोल नहीं खोलती।

लखीमपुर खीरी के लिए अलग घोषणापत्र का ऐलान

अखिलेश यादव ने लखीमपुर खीरी के लिए अलग से घोषणापत्र जारी करने की बात कही। उन्होंने सरकार बनने पर लखीमपुर खीरी और पीलीभीत को ऑल वेदर एक्सप्रेसवे से जोड़ने की घोषणा भी की।

इसके अलावा उन्होंने क्षेत्र के विकास को लेकर कई वादे किए और कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर स्थानीय स्तर पर बुनियादी सुविधाओं और कनेक्टिविटी को मजबूत किया जाएगा।

गन्ना किसानों को 24 से 48 घंटे में भुगतान का वादा

गन्ना किसानों को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों को उनके गन्ने का पूरा भुगतान 24 से 48 घंटे के भीतर कराया जाएगा।

अखिलेश यादव की इन घोषणाओं के बाद उत्तर प्रदेश की आगामी चुनावी राजनीति में रोजगार, आउटसोर्स कर्मचारियों की स्थिति, किसानों के भुगतान और विकास परियोजनाएं प्रमुख मुद्दों में शामिल होती दिखाई दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *