रोहिणी, दिल्ली (Action Bharat) | रोहिणी सेक्टर-15 के कृष्णा कुंज इलाके में एक तीन मंजिला मकान को दिल्ली नगर निगम (MCD) ने असुरक्षित घोषित कर दिया है। मकान के बाहर बल्ली लगाकर घेराबंदी की गई है और दीवार पर ‘डेंजर जोन’ लिखकर लोगों को दूर रहने की चेतावनी दी गई है। निगम की इस कार्रवाई के बावजूद स्थानीय लोगों का कहना है कि जर्जर भवन को लेकर खतरा अब भी बना हुआ है।
यह मकान बी-ब्लॉक, कृष्णा कुंज की बी-6 पॉकेट स्थित आवास संख्या 18 है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, भवन की हालत पिछले करीब चार वर्षों से खराब है। इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से कई बार की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका। बताया जा रहा है कि तीनों मंजिलों के अलग-अलग मालिकों को छह से सात बार नोटिस दिए जा चुके हैं।
10 से 15 परिवार और राहगीर खतरे की जद में
स्थानीय आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अतुल रणजीत कुमार के अनुसार, जर्जर मकान के आसपास कई घर हैं। उनके मुताबिक, करीब 10 से 15 परिवारों के साथ-साथ वहां से गुजरने वाले राहगीरों पर भी खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि हादसा होने से पहले ही आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए और इस मामले में संबंधित विभागों से कई बार संपर्क किया जा चुका है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निगम, आपदा प्रबंधन और अग्निशमन विभाग से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि मकान के बाहर चेतावनी लिखने और बल्ली लगाकर घेराबंदी करने से खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं होता।
तीनों मालिकों की सहमति नहीं बन पा रही
मकान के एक तल के मालिक इंद्रराज साहनी ने बताया कि पूरा भवन खतरनाक स्थिति में है और वे भी इसकी गंभीरता समझते हैं। हालांकि, तीनों मंजिलों के अलग-अलग मालिक होने के कारण कोई साझा निर्णय नहीं हो पा रहा है। उनके अनुसार, जब तक तीनों मालिक एक साथ बैठकर समाधान तय नहीं करते, तब तक आगे की कार्रवाई मुश्किल है।
फिलहाल मकान के बाहर चेतावनी और घेराबंदी की गई है, लेकिन स्थानीय लोग भवन की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जाने की मांग कर रहे हैं। सवाल यह है कि क्या किसी संभावित हादसे से पहले भवन की स्थिति का स्थायी समाधान निकाला जाएगा?
#Rohini #DelhiNews #MCD #DangerZone #UnsafeBuilding #PublicSafety #ActionBharat
