पूर्वी दिल्ली (Action Bharat) | भजनपुरा इलाके में हत्या के प्रयास और फायरिंग के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वेलकम निवासी जासिम उर्फ आलू (23) और कैफ उर्फ डीजे (23) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के कब्जे से तीन सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल, 18 कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस का दावा है कि मुठभेड़ के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर 12 राउंड फायरिंग की। इनमें से दो गोलियां पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने 16 राउंड फायर किए, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
घर पर की थी फायरिंग
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर की रात करीब 2:43 बजे भजनपुरा थाना क्षेत्र के सुभाष विहार, उत्तर घोंडा की गली नंबर-16 में फायरिंग की सूचना मिली थी।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, वह बालकनी में आया तो स्कूटी पर सवार दो युवक दिखाई दिए। दोनों के हाथ में पिस्टल थी और उन्होंने उसकी ओर तथा हवा में गोलियां चलाईं। गोलियां मकान की कांच की रेलिंग और बाहरी दीवार में लगीं, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
मामले में हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया।
राशिद उर्फ केबलवाला का नाम सामने आया
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए CCTV फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान सूचना मिली कि दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से नानकसर से तीसरे पुश्ता रोड, उस्मानपुर की ओर आने वाले हैं।
पुलिस ने घेराबंदी की। आरोपियों को रोकने का इशारा किया गया तो पुलिस के मुताबिक उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने शिकायतकर्ता के घर पर फायरिंग करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, उन्होंने दावा किया कि यह वारदात राशिद उर्फ केबलवाला के कहने पर रंगदारी मांगने के लिए की गई थी।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले में आगे की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है।
#ActionBharat #DelhiCrime #Bhajanpura #DelhiPolice #Gangster #Rangdari #Encounter #EastDelhi #DelhiNews
