कोलकाता (Action Bharat) | पश्चिम बंगाल की भाजपा सरकार ने दिग्गज अभिनेता और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती को बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्हें राज्य सरकार का सलाहकार नियुक्त किया गया है और कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्रदान किया गया है।
मिथुन चक्रवर्ती को सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग से जुड़ी जिम्मेदारी दी गई है। यह विभाग मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के अधीन है। इस नियुक्ति के साथ राज्य के सांस्कृतिक और फिल्म जगत से जुड़े मामलों में मिथुन चक्रवर्ती की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है।
उत्तम कुमार की जन्मशती पर हुआ ऐलान
मिथुन चक्रवर्ती की नियुक्ति की घोषणा मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने महान बंगाली अभिनेता उत्तम कुमार की जन्मशती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में की।
राज्य सरकार इन आयोजनों के जरिए बंगाल की समृद्ध फिल्मी विरासत को बढ़ावा देने और राज्य को एक प्रमुख सांस्कृतिक एवं फिल्म केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है।
भाजपा के प्रमुख चेहरों में शामिल हैं मिथुन
मिथुन चक्रवर्ती पश्चिम बंगाल में भाजपा के प्रमुख चेहरों और प्रचारकों में रहे हैं। उन्होंने 2026 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए व्यापक प्रचार किया था।
चुनाव में भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस को हराकर पश्चिम बंगाल में सरकार बनाई और शुभेंदु अधिकारी राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री बने। अब मिथुन चक्रवर्ती को सरकार में कैबिनेट मंत्री के दर्जे के साथ सलाहकार की जिम्मेदारी मिलने से बंगाल की राजनीति और सांस्कृतिक क्षेत्र में उनकी भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है।
#MithunChakraborty #WestBengal #ShuvenduAdhikari #BJP #WestBengalGovernment #UttamKumar #BengalPolitics #Bollywood #BengaliCinema #ActionBharat
