अवध असम से गरीब रथ तक, लंबी दूरी की ट्रेनों में सफाई पर रेलवे की खास नजर; फोटो से होगी निगरानी

राज्य

पटना (Action Bharat) | लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों को बेहतर और स्वच्छ यात्रा सुविधा देने के लिए रेलवे ने 40 घंटे से अधिक यात्रा अवधि वाली ट्रेनों की सफाई व्यवस्था पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं। इसके तहत कोच और शौचालयों की नियमित सफाई के साथ-साथ हर दो घंटे में कचरा एकत्र करने पर विशेष जोर दिया गया है।

रेलवे अब सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए टाइम-स्टैम्प्ड तस्वीरों का भी इस्तेमाल करेगा। ट्रेन के प्रारंभिक और गंतव्य स्टेशनों के अलावा निर्धारित मार्गवर्ती निरीक्षण बिंदुओं पर कोच और शौचालयों की सफाई की तस्वीरें ली जाएंगी, जिससे सफाई व्यवस्था की स्थिति का रिकॉर्ड रखा जा सके।

इन प्रमुख ट्रेनों पर रहेगी खास नजर

पूर्व मध्य रेल (ECR) से खुलने या गुजरने वाली 40 घंटे से अधिक यात्रा अवधि वाली प्रमुख ट्रेनों में अवध असम एक्सप्रेस, अहमदाबाद-सहरसा एक्सप्रेस, दानापुर-एसएमवीबी बेंगलुरु एक्सप्रेस, पुणे-सुपौल एक्सप्रेस, आम्रपाली एक्सप्रेस, राजगीर-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस और सहरसा-अमृतसर गरीब रथ एक्सप्रेस शामिल हैं।

इनमें राजगीर-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस और दानापुर-एसएमवीबी बेंगलुरु एक्सप्रेस का प्राथमिक अनुरक्षण पूर्व मध्य रेल द्वारा किया जाता है। वहीं, अन्य ट्रेनों का प्राथमिक अनुरक्षण दूसरे रेलवे जोन में होता है, लेकिन बरौनी और डीडीयू के क्लीन ट्रेन स्टेशनों पर इनकी सफाई की विशेष निगरानी की जाएगी।

हर दो घंटे में कचरा संग्रह

रेलवे के निर्देशों के मुताबिक लंबी दूरी की ट्रेनों में हर दो घंटे पर कचरा संग्रह किया जाएगा। एकत्र कचरे को निर्धारित कचरा निस्तारण केंद्र या क्लीन ट्रेन स्टेशन पर उतारकर नियमों के अनुसार निस्तारित किया जाएगा।

इसके साथ ही ट्रेनों में लगे बायो-टॉयलेट की कार्यशीलता की जांच बेस डिपो और रास्ते में निर्धारित स्थानों पर की जाएगी। किसी तरह की खराबी मिलने पर तत्काल आवश्यक अनुरक्षण कराया जाएगा।

पूर्व मध्य रेल वर्तमान में 159 ट्रेनों का प्राथमिक अनुरक्षण करता है, जबकि 81 ट्रेनों में ऑन-बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस (OBHS) की सुविधा उपलब्ध है। ओबीएचएस कर्मचारियों को यात्रियों की शिकायतों के त्वरित समाधान और नियमित सफाई के लिए प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

साप्ताहिक समीक्षा की भी व्यवस्था

रेलवे अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को सफाई व्यवस्था की साप्ताहिक समीक्षा करने की जिम्मेदारी दी गई है। क्लीन ट्रेन स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने से पहले पर्याप्त सफाईकर्मी, सफाई सामग्री और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है।

रेलवे की इस नई व्यवस्था का उद्देश्य लंबी दूरी की ट्रेनों में लगातार सफाई बनाए रखना, कचरे की समस्या कम करना और यात्रियों को अधिक स्वच्छ एवं बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।

#IndianRailways #RailwayNews #TrainCleaning #LongDistanceTrains #PoorvaMadhyaRailway #ECR #AvadhAssamExpress #GaribRath #RailwayUpdate #PatnaNews #ActionBharat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *