पंजाब में कांग्रेस का चुनावी शंखनाद जल्द, पूर्व CM चन्नी संभालेंगे अभियान की कमान; राहुल गांधी करेंगे लीड

राज्य

चंडीगढ़ (Action Bharat) | पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने जमीनी स्तर पर अपनी तैयारियां तेज करने की रणनीति बनाई है। पार्टी की ओर से आने वाले दिनों में कई बड़े जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी है। इसी कड़ी में पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने नशे और गैंगस्टरवाद के खिलाफ ‘पगड़ी संभाल यात्रा’ निकालने का ऐलान किया है।

चन्नी के अनुसार, इस यात्रा का उद्देश्य पंजाब के युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करना और राज्य को गैंगस्टरवाद से मुक्त करने का संदेश देना है। कांग्रेस इस अभियान को सामाजिक जागरूकता के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से भी जोड़कर देख रही है।

2 हजार से ज्यादा साइकिल चालक होंगे शामिल

‘पगड़ी संभाल यात्रा’ में साइकिल रैली को प्रमुख हिस्सा बनाया गया है। इसमें 2,000 से अधिक साइकिल चालक शामिल होने की बात कही गई है। साइकिल सवार पंजाब के अलग-अलग जिलों में पहुंचकर युवाओं और आम लोगों के बीच नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाएंगे।

कांग्रेस की रणनीति के तहत इस अभियान के जरिए पार्टी गांवों और कस्बों तक अपनी राजनीतिक मौजूदगी मजबूत करने और युवाओं से सीधे संवाद बढ़ाने की कोशिश करेगी।

राहुल गांधी की अगुवाई में बस यात्रा की तैयारी

पंजाब कांग्रेस आने वाले दिनों में एक बस यात्रा निकालने की भी तैयारी कर रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस यात्रा की शुरुआत लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कर सकते हैं।

राहुल गांधी के पंजाब दौरे की भी संभावना जताई जा रही है। प्रस्तावित बस यात्रा में पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एक साथ शामिल होकर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों का दौरा करेंगे। पार्टी की कोशिश इस यात्रा के जरिए एकजुट कांग्रेस का संदेश जनता तक पहुंचाने की है।

संगठनात्मक बदलाव के बाद जमीन पर उतरने की तैयारी

पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक स्तर पर बदलाव के बाद पार्टी अब अपनी चुनावी रणनीति को सीधे जमीन पर उतारने की तैयारी कर रही है। दिल्ली में भी इन कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां चल रही हैं।

चन्नी की ‘पगड़ी संभाल यात्रा’ को कांग्रेस के आगामी चुनावी अभियान का अहम हिस्सा माना जा रहा है। नशा, गैंगस्टरवाद और युवाओं से जुड़े मुद्दों के जरिए पार्टी पंजाब में अपने जनाधार को मजबूत करने की कोशिश करती नजर आ रही है।

#PunjabCongress #PunjabPolitics #PunjabElection2027 #CharanjitSinghChanni #RahulGandhi #PagdiSambhalYatra #PunjabNews #Congress #Election2027 #PoliticalNews #Chandigarh #ActionBharat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *