नई दिल्ली | (एक्शन भारत) राजधानी दिल्ली में शिशुओं की खरीद-फरोख्त करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से पांच दिन के एक नवजात शिशु (मेल) को सुरक्षित बरामद किया है।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान ईशा, हरजीत, शबनम, प्रिया और सिमरन के रूप में हुई है। सभी महिलाएं उत्तरी दिल्ली क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही हैं।
डीसीपी राजा बांठिया के अनुसार पुलिस को कुछ दिन पहले सूचना मिली थी कि इलाके में शिशुओं की खरीद-फरोख्त का अवैध नेटवर्क सक्रिय है। इसके बाद पुलिस ने फर्जी ग्राहक बनकर आरोपित महिलाओं से संपर्क किया।
जांच के दौरान आरोपितों ने नवजात शिशु को बेचने के लिए 6 लाख रुपये की मांग की। सौदा तय होने के बाद पुलिस टीम ने 20 रुपये एडवांस के तौर पर दिए और एक दंपती को बच्चा लेने के लिए भेजा।
जैसे ही महिलाओं ने शिशु को सौंपने की कोशिश की, मौके पर पहले से मौजूद पुलिस टीम ने पांचों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया और नवजात को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार बरामद शिशु केवल पांच दिन का है। उसकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने पहले कितने बच्चों की खरीद-फरोख्त की है, इनके तार किन लोगों और क्षेत्रों से जुड़े हैं, तथा नवजात के वास्तविक माता-पिता कौन हैं।
दिल्ली में हाल के महीनों में शिशु तस्करी से जुड़े कई मामले सामने आने के बाद यह कार्रवाई राजधानी में सक्रिय ऐसे अवैध नेटवर्कों पर बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
