दिल्ली में स्वामी करपात्री जी महाराज जयंती समारोह, राहुल गांधी से माफी की उठी मांग

दिल्ली

नई दिल्ली | (एक्शन भारत) राजधानी दिल्ली के जनपथ स्थित डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर के नालंदा सभागार में गुरुवार को युवा चेतना के तत्वावधान में धर्म सम्राट स्वामी करपात्री जी महाराज जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कई धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक हस्तियों ने भाग लिया।

समारोह का उद्घाटन स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी, विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के अध्यक्ष डॉ. राम बहादुर राय, केंद्रीय मंत्री जुएल ओरम, केंद्रीय मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी निषाद, पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन, सांसद संजय सेठ, भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संजय मयूख, पूर्व विधान पार्षद लाल बाबू प्रसाद तथा युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह समेत अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने संयुक्त रूप से किया।

वक्ताओं ने स्वामी करपात्री जी को सनातन धर्म की प्रखर आवाज और ऋषि-कृषि परंपरा के संरक्षक के रूप में याद किया। स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने कहा कि उन्होंने जीवनभर सनातन मूल्यों के संरक्षण के लिए कार्य किया।

वीएचपी अध्यक्ष आलोक कुमार ने स्वामी जी को उच्च कोटि का संत बताते हुए गौ संवर्धन के लिए उनके प्रयासों की सराहना की। वहीं डॉ. राम बहादुर राय ने स्वामी करपात्री जी के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित करने की मांग की और 7 नवंबर 1966 के गौ रक्षा आंदोलन का उल्लेख किया।

केंद्रीय मंत्री जुएल ओरम ने स्वामी जी को “सच्चे सनातनी” बताते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया। डॉ. राजभूषण चौधरी निषाद और शाहनवाज हुसैन ने गौ रक्षा के लिए कठोर कानून बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने कहा कि 1966 के गौ रक्षा आंदोलन पर गोली चलाने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने स्वामी करपात्री जी को सनातन धर्म की प्रखर आवाज बताया।

समारोह में बड़ी संख्या में संत, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *