नई दिल्ली। सर्दियों के दौरान प्रदूषण बढ़ने के बावजूद इस बार निर्माण कार्यों पर प्रतिबंध की अवधि कम किए जाने की तैयारी है।
दिल्ली सरकार के संकेतों के मुताबिक, अगर व्यवस्था लागू होती है तो निर्माण गतिविधियों पर प्रतिबंध 10 दिसंबर से 20 जनवरी तक सीमित रखा जा सकता है।
इसका मतलब है कि सड़क, फ्लाईओवर, अस्पताल, जल निकासी और दूसरी बड़ी विकास परियोजनाओं पर लंबे समय तक काम रोकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
पिछले वर्षों में प्रदूषण बढ़ने के साथ नवंबर से जनवरी तक अलग-अलग चरणों में निर्माण गतिविधियों पर रोक लगती रही है। इससे कई परियोजनाओं की समयसीमा और लागत दोनों प्रभावित हुईं।
इस बार सरकार के सामने चुनौती है—प्रदूषण पर नियंत्रण भी हो और दिल्ली के विकास कार्य भी न रुकें।
हालांकि, निर्माण प्रतिबंध की अवधि कम करने का अंतिम फैसला वास्तविक वायु गुणवत्ता और प्रदूषण नियंत्रण की स्थिति को ध्यान में रखकर किया जाएगा।
यानी इस बार दिल्ली में प्रदूषण के बीच विकास का पहिया रोकने के बजाय उसे चलाए रखने की तैयारी है।
