DU की छात्राओं की सुरक्षा को लेकर LG का बड़ा कदम, कॉलेजों के आसपास डार्क स्पॉट और असामाजिक गतिविधियों पर कार्रवाई

दिल्ली

नई दिल्ली (Action Bharat) | दिल्ली विश्वविद्यालय के महिला कॉलेजों में पढ़ने वाली छात्राओं की सुरक्षा मजबूत करने के लिए उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधु ने उच्चस्तरीय बैठक में कई निर्देश दिए हैं। बैठक में कॉलेजों के आसपास डार्क स्पॉट, अतिक्रमण, अनियंत्रित ई-रिक्शा और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को लेकर संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलगुरु के साथ मिरांडा हाउस, लेडी श्रीराम कॉलेज, दौलतराम कॉलेज, इंद्रप्रस्थ कॉलेज और गार्गी कॉलेज की प्राचार्याओं के अलावा दिल्ली पुलिस, PWD, MCD, परिवहन विभाग और दिल्ली मेट्रो के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

हर महिला कॉलेज के लिए नोडल पुलिस अधिकारी

LG ने निर्देश दिया कि प्रत्येक महिला कॉलेज के लिए एक समर्पित नोडल पुलिस अधिकारी नियुक्त किया जाए। कॉलेजों और नजदीकी मेट्रो स्टेशनों के आसपास पुलिस गश्त और पिकेट जांच बढ़ाने के साथ पिंक बूथ स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

डार्क स्पॉट और अतिक्रमण पर कार्रवाई

PWD और MCD को खराब स्ट्रीट लाइट ठीक करने और कॉलेजों के आसपास मौजूद डार्क स्पॉट खत्म करने को कहा गया है। अवैध अतिक्रमण, अवांछित स्टॉल और शराब की दुकानों से जुड़ी समस्याओं पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

सुरक्षित लास्ट-माइल कनेक्टिविटी पर जोर

छात्राओं के सुरक्षित आवागमन के लिए ई-रिक्शा के निर्धारित पिकअप-ड्रॉप पॉइंट बनाए जाएंगे। शाम के समय यू-स्पेशल, शटल और फीडर बसों की व्यवस्था पर भी जोर दिया गया है।

इसके अलावा ऐसा छात्र सुरक्षा ऐप विकसित करने का निर्देश दिया गया है, जिसमें आपातकालीन अलर्ट और GPS लोकेशन शेयरिंग जैसी सुविधाएं होंगी। उत्तर और दक्षिण परिसर के लिए अंतर-कॉलेज महिला सुरक्षा समितियां भी बनाई जाएंगी। इन फैसलों की प्रगति की हर 15 दिन में समीक्षा की जाएगी।

#ActionBharat #Delhi #DU #DelhiUniversity #WomenSafety #StudentSafety #DelhiLG #TaranjitSinghSandhu #DelhiPolice #MCD #PWD #CampusSafety #DelhiNews #NationalNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *