नाबालिग से दुष्कर्म का वीडियो बनाकर एक साल तक ब्लैकमेल करने का आरोप, शादी के बाद पति को भेजा वीडियो

क्राइम

नई दिल्ली (Action Bharat) | दिल्ली के साउथ एवेन्यू इलाके में नाबालिग के साथ दुष्कर्म और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने वारदात के दौरान वीडियो बना लिया और उसे सार्वजनिक करने की धमकी देकर पीड़िता को करीब एक साल तक परेशान करता रहा। पीड़िता की शादी होने के बाद आरोपित ने कथित तौर पर वही वीडियो उसके पति को भेज दिया, जिसके बाद दंपती के बीच विवाद हुआ और उनकी शादी टूट गई।

नई दिल्ली जिला पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपित निखिल को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के समय पीड़िता नाबालिग थी, इसलिए मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। अब पीड़िता बालिग हो चुकी है।

पड़ोस में रहता था आरोपित

पुलिस के अनुसार, आरोपित निखिल पहले पीड़िता के पड़ोस में रहता था। आरोप है कि पिछले वर्ष अप्रैल में उसने पीड़िता के घर की पहली मंजिल पर उसके साथ दुष्कर्म किया और वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर वह कथित तौर पर पीड़िता को लगातार ब्लैकमेल करता रहा।

शादी के बाद पति को भेजा वीडियो

हाल ही में पीड़िता की शादी किसी अन्य युवक से हो गई। आरोप है कि शादी की जानकारी मिलने के बाद निखिल ने नाराज होकर पीड़िता का वीडियो उसके पति को भेज दिया। वीडियो मिलने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हुआ और पुलिस के मुताबिक, अंततः उनकी शादी टूट गई।

पीड़िता ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि इसके बाद भी आरोपित फोन और अन्य माध्यमों से संपर्क कर वीडियो और तस्वीरें प्रसारित करने की धमकी देता रहा। शिकायत मिलने पर साउथ एवेन्यू थाने में केस दर्ज किया गया और पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। मामले की आगे जांच जारी है।

#DelhiNews #SouthAvenue #CrimeNews #POCSOAct #WomenSafety #ActionBharat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *