देहरादून (Action Bharat) | उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के सहस्त्रधारा क्षेत्र में शनिवार को एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को डायल-112 के माध्यम से थाना राजपुर क्षेत्र के सहस्त्रधारा में कार के खाई में गिरने की सूचना मिली। इसके बाद एसडीआरएफ पोस्ट सहस्त्रधारा से अपर उप निरीक्षक मनोज जोशी के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि कार सड़क से करीब 50 मीटर नीचे खाई में गिरी हुई थी। कार में तीन लोग सवार थे। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए गए, जबकि एक महिला को भी चोटें आई थीं। खाई की गहराई और दुर्गम रास्ते के कारण रेस्क्यू चुनौतीपूर्ण था।
एसडीआरएफ के जवानों ने सावधानीपूर्वक खाई में उतरकर घायलों तक पहुंच बनाई और सुरक्षा उपायों के साथ एक-एक कर तीनों को बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को उपचार के लिए दून अस्पताल, देहरादून भेजा गया।
घायलों की पहचान मोहन सिंह रावत निवासी दो बच्ची रोड, देहरादून, उनकी पत्नी रिंकी रावत और अमर बहादुर थापा निवासी भाउवाला के रूप में हुई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
#Dehradun #Sahastradhara #SDRF #CarAccident #UttarakhandNews #ActionBharat
