भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर लगा ब्रेक! निर्मला सीतारमण बोलीं- बातचीत ‘प्लेटो’ पर पहुंची

राष्ट्रीय

नई दिल्ली (Action Bharat) | भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से चल रही व्यापार समझौते की बातचीत फिलहाल अटकती नजर आ रही है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संकेत दिया है कि दोनों देश वार्ता में ऐसे ‘प्लेटो’ पर पहुंच गए हैं, जहां आगे और रियायत देना दोनों पक्षों के लिए मुश्किल हो गया है।

सीतारमण ने कहा कि समझौते को लेकर बातचीत अभी जारी है, लेकिन दोनों देशों के लिए इस स्तर से आगे बढ़ना आसान नहीं होगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि बातचीत में आगे बढ़ने की कोई गुंजाइश बची है तो दोनों पक्ष उस पर काम कर सकते हैं।

इस व्यापार समझौते में सबसे बड़ा गतिरोध कृषि और बाजार पहुंच को लेकर बताया जा रहा है। भारत अमेरिकी मांग के अनुरूप अपने कृषि बाजार को पूरी तरह खोलने के लिए तैयार नहीं है। डेयरी और कुछ कृषि उत्पादों से जुड़े मुद्दों पर दोनों देशों के रुख में अभी भी अंतर बना हुआ है।

वहीं, अमेरिका भारत के साथ व्यापार संतुलन को लेकर अपनी चिंता जाहिर करता रहा है। भारत के साथ व्यापार में अमेरिका का घाटा है और वह इसे कम करने के लिए अधिक बाजार पहुंच चाहता है।

अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीयर भी हाल में संकेत दे चुके हैं कि फिलहाल समझौता होता हुआ नहीं दिख रहा है। ऐसे में भारत-अमेरिका ट्रेड डील की राह में अभी कई अहम अड़चनें बनी हुई हैं।

अब आगे की उम्मीद उच्चस्तरीय बातचीत पर टिकी है। यदि दोनों पक्ष कृषि, बाजार पहुंच और व्यापार संतुलन जैसे मुद्दों पर बीच का रास्ता निकाल लेते हैं, तो वार्ता दोबारा गति पकड़ सकती है। फिलहाल संकेत यही हैं कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील जल्द पूरी होना आसान नहीं है।

#ActionBharat #IndiaUS #TradeDeal #NirmalaSitharaman #USIndiaRelations #TradeAgreement #IndiaNews #BusinessNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *