तेल अवीव (Action Bharat) | दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में भारतीय पायलट स्मित मच्छर पर ओमानी को-पायलट हमाम अल-हम्ममी के कथित हमले को लेकर जांच में बड़ा खुलासा सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार, अल-हम्ममी ने पूछताछ में बताया कि उसने जुलाई में ही विमान को हाईजैक कर बड़े हमले को अंजाम देने की योजना बनाई थी, लेकिन आखिरी समय में उसने अपना प्लान टाल दिया।
जांचकर्ताओं के मुताबिक, अल-हम्ममी ने बताया कि जुलाई में जिस उड़ान के क्रू में उसका एक दोस्त शामिल था, इसलिए उसने उस समय योजना को स्थगित कर दिया। रिपोर्ट के अनुसार, वह जून से ही हमले की तैयारी कर रहा था और इजरायल के बेन गुरियन एयरपोर्ट की यात्राओं के दौरान कथित तौर पर जानकारी जुटा रहा था।
पहले से बनाई थी फ्लाईदुबई को निशाना बनाने की योजना
इजराइली मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, अल-हम्ममी ने एयरलाइन में चयन होने से पहले ही कथित हमले की योजना बना ली थी। पूछताछ में उसने बताया कि उसने पहले उन एयरलाइनों की जानकारी जुटाई जो तेल अवीव के लिए उड़ान भरती हैं और इसके बाद फ्लाईदुबई को चुना।
9/11 की तर्ज पर हमला करने की कथित योजना
जांच में सामने आए दावों के अनुसार, अल-हम्ममी का कथित उद्देश्य उड़ान के कैप्टन स्मित मच्छर को रास्ते में मारकर विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेना था। इसके बाद वह विमान को सामान्य तरीके से उड़ाता और लैंडिंग की आवश्यक अनुमति हासिल करने के बाद अंतिम क्षण में विमान को एयरपोर्ट की किसी इमारत या दूसरे विमान से टकराने की योजना बना रहा था।
रिपोर्ट के अनुसार, उसका मानना था कि अंतिम क्षण तक अपनी मंशा छिपाकर रखने से सुरक्षा एजेंसियों और विमान में मौजूद लोगों को प्रतिक्रिया देने का पर्याप्त समय नहीं मिलेगा।
जॉर्डन के ऊपर किया गया हमला
अल-हम्ममी ने कथित तौर पर जांचकर्ताओं को बताया कि उसने कैप्टन मच्छर पर उस समय हमला किया, जब विमान जॉर्डन के ऊपर से गुजर रहा था और इजरायल के करीब पहुंच रहा था। हमले के दौरान कैप्टन को सिर में गंभीर चोट लगी।
हालांकि, इसके बाद भी कैप्टन मच्छर ने सूझबूझ दिखाई। कॉकपिट का दरवाजा खुलने के बाद क्रू और यात्रियों की मदद से हमलावर को काबू में किया गया और विमान को सुरक्षित रूप से सऊदी अरब में उतारा गया। इस तरह कथित हमले की योजना नाकाम हो गई।
हमले से कुछ मिनट पहले प्रार्थना के लिए कहा
इलाज के दौरान कैप्टन मच्छर ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को बताया कि हमले से कुछ मिनट पहले अल-हम्ममी ने उनसे प्रार्थना करने के लिए कहा था। इसके बाद उस पर जानलेवा हमला किया गया।
नोट: हमले की साजिश और पूछताछ में सामने आए दावों की जानकारी मीडिया रिपोर्टों और जांच से जुड़े कथित बयानों पर आधारित है। मामले में अंतिम निष्कर्ष संबंधित जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा।
#Flydubai #ActionBharat #Israel #Oman #AviationNews #PilotAttack #TerrorPlot #BenGurion #TelAviv
