दिल्ली (Action Bharat) | राजधानी में सड़क किनारे अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग के खिलाफ उत्तरी रेंज ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम ने संयुक्त अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 634 चालान किए गए और 192 रेहड़ी-पटरी हटाई गईं।
अभियान के दौरान सड़क पर अतिक्रमण से जुड़े 37 मामलों को हटाया गया, जबकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 24 वाहनों को टो किया गया और 5 वाहन जब्त किए गए।
संयुक्त टीम ने उन इलाकों में कार्रवाई की जहां सड़क किनारे सामान रखकर, रेहड़ी-पटरी लगाकर या वाहनों को गलत तरीके से खड़ा कर सड़क के हिस्से पर कब्जा किया जा रहा था। अधिकारियों के अनुसार, इससे वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल यात्रियों को भी आवाजाही में परेशानी हो रही थी।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम ने सड़क पर अतिक्रमण के लिए इस्तेमाल किए जा रहे 8 ठेले, 3 डिस्प्ले बोर्ड, 3 टेबल और 3 काउंटर भी जब्त किए।
ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम की इस संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य सड़क पर यातायात व्यवस्था को सुचारु करना और पैदल यात्रियों के लिए रास्ता साफ कराना बताया गया है।
#ActionBharat #Delhi #DelhiNews #TrafficPolice #IllegalParking #Encroachment #MCD #TrafficNews #DelhiTraffic #AntiEncroachment #NewDelhi
