नई दिल्ली (Action Bharat) | दिल्ली के वसंत कुंज में साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, 75 वर्षीय बीमार बुजुर्ग महिला को कई दिनों तक डिजिटल अरेस्ट के दबाव में रखकर करीब सवा दो करोड़ रुपये की ठगी की गई। आरोपियों ने खुद को CBI और ED का अधिकारी बताकर महिला को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में फंसने का डर दिखाया।
आरोप है कि ठगों ने पहले महिला से बैंक खाते और संपत्ति की जानकारी हासिल की। इसके बाद उनसे ₹3 लाख बैंक खाते से ट्रांसफर कराए गए। फिर 83.5 ग्राम सोना जमा करवाकर करीब ₹4.95 लाख का गोल्ड लोन कराया गया और यह रकम भी आरोपियों द्वारा बताए गए खाते में ट्रांसफर करा ली गई।
इसके बाद कथित तौर पर एक व्यक्ति ने खुद को प्रॉपर्टी डीलर बताया और महिला के घर पहुंचकर फ्लैट के मूल दस्तावेज और उनकी प्रतियां अपने कब्जे में ले लीं। आरोप है कि महिला पर दबाव बनाकर करीब ₹2.40 करोड़ की संपत्ति का बिक्री समझौता कराया गया। एडवांस के तौर पर खाते में जमा रकम में से करीब ₹24 लाख और ₹10 लाख के चेक भी शामिल थे, जिनमें से ₹21 लाख और ₹3 लाख बाद में निकाल लिए गए।
पीड़िता के मुताबिक, ठगी का सिलसिला शुरू होने के बाद आरोपियों ने उनसे लगातार संपर्क बनाए रखा और उन्हें बाहरी लोगों से संपर्क करने से रोका। बाद में उनकी बेटी ने वीडियो कॉल के दौरान मां को एक अनजान व्यक्ति के साथ कार में देखा, जिसके बाद उन्हें शक हुआ।
पीड़िता की बेटी विदेश से दिल्ली पहुंचीं और मामले की जानकारी वसंत कुंज पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला ने मामले में CBI जांच की मांग भी की है।
#ActionBharat #Delhi #VasantKunj #DigitalArrest #CyberCrime #CyberFraud #OnlineScam #SeniorCitizen #DelhiPolice #FraudAlert #CrimeNews #DelhiNews #BreakingNews
