174 यात्रियों की जान बचाने वाले पायलट स्मित मछार को अशोक चक्र देने की मांग, मुंबई में गर्व का माहौल

राष्ट्रीय

मुंबई (Action Bharat) | आसमान में संकट की घड़ी और सामने 174 यात्रियों की जिंदगी… ऐसे मुश्किल हालात में सूझबूझ और साहस का परिचय देने वाले फ्लाईदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मछार की दुनियाभर में सराहना हो रही है। तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में यात्रियों की जान बचाने के लिए उनके सम्मान में अब सोशल मीडिया पर अशोक चक्र देने की मांग उठने लगी है।

बुधवार को हुई इस घटना के बाद कैप्टन स्मित के साहसिक फैसले और धैर्य की चर्चा लगातार हो रही है। सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि संकट के समय उन्होंने जिस तरह जिम्मेदारी निभाई, वह असाधारण साहस और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल है।

मुंबई के बेटे पर गर्व

कैप्टन स्मित मछार का संबंध मुंबई के घाटकोपर और तिलक नगर इलाके से बताया जा रहा है। उनके गृह क्षेत्र के लोगों में इस घटना के बाद गर्व और उत्साह का माहौल है। स्थानीय निवासियों और उनके स्कूल एमडी भाटिया स्कूल के पूर्व साथियों ने भी उनकी बहादुरी की सराहना की है और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

पुराना पॉडकास्ट भी हुआ वायरल

इस घटना के बाद कैप्टन स्मित का वर्ष 2025 का एक पुराना पॉडकास्ट भी सोशल मीडिया पर चर्चा में है। इसमें उन्होंने विमान में मेडिकल इमरजेंसी के दौरान आने वाली चुनौतियों पर बात की थी। उन्होंने सवाल उठाया था कि आसमान में अचानक कोई चिकित्सा आपातकाल हो जाए, तो यात्रियों की मदद कौन करेगा?

उनकी यह बात अब विमानन क्षेत्र में आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने की जरूरत पर भी चर्चा को बढ़ा रही है।

कैसी है पायलट की तबीयत?

यूएई स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, कैप्टन स्मित मछार की तबीयत अब ठीक है और वे तेजी से रिकवर कर रहे हैं। उनकी पूर्व एयरलाइन ने भी उनके साहसिक फैसलों और सूझबूझ की सराहना करते हुए सम्मान व्यक्त किया है।

174 यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी इस घटना ने एक बार फिर दिखाया है कि विमानन क्षेत्र में पायलट की जिम्मेदारी केवल विमान उड़ाने तक सीमित नहीं होती, बल्कि संकट के समय उनके निर्णय सैकड़ों जिंदगियों के लिए निर्णायक साबित हो सकते हैं।

#ActionBharat #CaptainSmitMachhar #FlyDubai #AshokChakra #MumbaiNews #IndianPilot #HeroicPilot #AviationNews #174LivesSaved

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *